क्या आप भी जीएमपी देखकर आईपीओ में निवेश करते हैं? अगर हां, तो आपको नुकसान भी हो सकता है। हाल ही में जियो के आईपीओ ने लिस्टिंग पर निवेशकों को बड़ा मुनाफा दिया था। लिस्टिंग से पहले ही इसका जीएमपी यानी यानी ग्रे मार्केट प्रीमियम काफी जबरदस्त था। अब पिछले साल की बात करते हैं। नवंबर 2025 में लेंसकार्ट का आईपीओ आया था। इसका जीएमपी शुरुआत में काफी जबरदस्त था। जब इसकी लिस्टिंग हुई तो निवेशकों को भारी नुकसान हुआ। हाल ही में अंताला इंडस्ट्रीज के आईपीओ का भी यही हाल हुआ। ऊंचे जीएमपी के बावजूद इसकी लिस्टिंग इश्यू प्राइस से नीचे हुई थी। ये उदाहरण बताते हैं कि जीएमपी देखकर आईपीओ में पैसा लगाना हमेशा फायदे का सौदा नहीं होता।
जीएमपी का पूरा नाम ग्रे मार्केट प्रीमियम है। यह वह अतिरिक्त कीमत है, जो ग्रे मार्केट में कुछ खरीदार आईपीओ के शेयरों के लिए इश्यू प्राइस से ज्यादा देने को तैयार होते हैं। उदाहरण के लिए, किसी आईपीओ का इश्यू प्राइस 200 रुपये है और जीएमपी 60 रुपये चल रहा है, तो ग्रे मार्केट में शेयर की अनुमानित कीमत 260 रुपये मानी जाती है। हालांकि, यह सिर्फ अनौपचारिक अनुमान है। शेयर की वास्तविक लिस्टिंग कीमत इससे अलग हो सकती है।


जब भी कोई कंपनी आईपीओ लाती है, तो निवेशक उसके जीएमपी पर नजर रखते हैं। ज्यादा जीएमपी देखकर उम्मीद की जाती है कि शेयर बाजार में लिस्टिंग के दिन अच्छा मुनाफा मिलेगा। लेकिन ऐसा हर बार नहीं होता। आंकड़ों के मुताबिक करीब 57% आईपीओ की लिस्टिंग उनके सबसे ज्यादा जीएमपी के आधार पर लगाए गए अनुमान से नीचे रही है। यानी ऊंचा जीएमपी बेहतर लिस्टिंग की गारंटी नहीं है।


आईपीओ के पूरे शेड्यूल के दौरान यानी लिस्टिंग तक जीएमपी में बदलाव आ सकता है। जीएमपी ज्यादा या कम होने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं। इनमें आईपीओ की मांग, सब्सक्रिप्शन के आंकड़े, कंपनी की कमाई और मुनाफा, शेयरों का वैल्यूएशन, संबंधित उद्योग की स्थिति और शेयर बाजार का माहौल शामिल हैं। पॉजिटिव जीएमपी मजबूत दिलचस्पी का संकेत हो सकता है, जबकि जीरो या निगेटिव जीएमपी कमजोर धारणा दिखाता है। लेकिन कम जीएमपी का मतलब भी यह नहीं है कि कंपनी लंबी अवधि में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकती।


निवेशकों को यह भी समझना चाहिए कि ग्रे मार्केट शेयर बाजार का आधिकारिक हिस्सा नहीं है और वहां के सौदों पर SEBI का सीधा नियमन नहीं होता। जीएमपी में तेजी से बदलाव हो सकता है और इसके आंकड़ों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए जाने की आशंका भी रहती है। इसलिए सिर्फ जीएमपी देखकर आईपीओ में आवेदन करना जोखिम भरा हो सकता है। निवेशकों को कंपनी की वित्तीय स्थिति, कर्ज, नकदी प्रवाह, कारोबार की संभावनाओं और शेयर की कीमत की दूसरी कंपनियों से तुलना भी करनी चाहिए।


आईपीओ में निवेश करते समय सिर्फ जीएमपी देखना ही काफी नहीं है। पॉकेटफुल के फाउंडर और कैपिटल मार्केट विशेषज्ञ सर्वम गोयल बताते हैं कि निवेशकों को आईपीओ में पैसा लगाते समय इश्यू का साइज, एंकर इन्वेटर, कंपनी के लिए अंडरराइटर की भूमिका निभाने वाले बैंक आदि को ध्यान में रखना चाहिए। साथ ही कंपनी का बिजनेस मॉडल, पिछले वर्षों का वित्तीय प्रदर्शन, वैल्यूएशन भी जांचना चाहिए। अगर कंपनी की वैल्यूएशन ज्यादा बताई जा रही है तो ऐसे आईपीओ में निवेश से बचना चाहिए, फिर जीएमपी कितना भी हो। पेटीएम (One97 Communications) का आईपीओ इसका बड़ा उदाहरण है। इसका शेयर लिस्टिंग के 5 साल बाद अब जाकर इश्यू प्राइस से ऊपर आया है।