नई दिल्ली: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 का आगाज शनिवार को बेहद धमाकेदार अंदाज में हुआ जहां दिल्ली के युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से पहले ही दिन छा गए। इंदौर में खेले गए ग्रुप-बी के मुकाबले में मयंक ने जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस करते हुए पांच विकेट झटके। उनके इस मैच जिताऊ स्पेल की बदौलत दिल्ली ने 103 रनों के विशाल अंतर से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

मयंक यादव ने मचाया तूफान

दिल्ली द्वारा दिए गए 244 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने शुरुआती चार ओवरों में 1 विकेट खोकर 47 रन बनाते हुए तेज शुरुआत की थी। लेकिन जैसे ही गेंद मयंक यादव के हाथों में थमाई गई, पूरे मुकाबले की तस्वीर ही पलट गई। मयंक ने अपने पहले ही ओवर में दोहरा झटका देते हुए पहले शुभम खजूरिया की गिल्लियां बिखेरीं और फिर विवरांत शर्मा को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद अपने दूसरे ओवर में उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाज अब्दुल समद को आउट कर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
जम्मू ने जल्दी जल्दी खोए विकेट

कहर बरपाते हुए मयंक ने जल्द ही रिधम शर्मा को भी अपना शिकार बनाया, जिससे जम्मू-कश्मीर का स्कोर 69 रन पर 5 विकेट हो गया। पारी के अंतिम क्षणों में एक बार फिर गेंदबाजी करने लौटे मयंक ने बृजेश शर्मा को बोल्ड कर पुछल्ले बल्लेबाजों का भी सफाया किया और पूरी जम्मू-कश्मीर टीम को 140 रनों पर समेट दिया। मयंक ने अपने महज तीन ओवरों के स्पेल में सिर्फ 14 रन खर्च कर 5 बल्लेबाजों को आउट किया।

मयंक यादव ने नाम किया बड़ा रिकॉर्ड

यह मयंक यादव के टी20 करियर का पहला फाइव-विकेट हॉल और अब तक का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। इसके साथ ही 5/14 के इन आंकड़ों ने उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में दिल्ली की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गेंदबाजों की खास सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। दिल्ली के लिए इस टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड अब भी सुयश शर्मा के नाम है जिन्होंने साल 2023 में मध्य प्रदेश के खिलाफ 13 रन देकर 5 विकेट लिए थे।

इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ मयंक यादव सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली के लिए एक पारी में पांच विकेट लेने वाले कुल तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले केवल सुयश शर्मा (5/13 बनाम मध्य प्रदेश, 2023) और शिवांक वशिष्ठ (5/19 बनाम उत्तराखंड, 2021) ही दिल्ली की जर्सी में यह कारनामा कर पाए थे।