तेल अवीव: इजरायल में कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और गादी आइजेनकोट के बीच एकता सरकार (Unity Government) बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। रविवार को नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और आइजेनकोट की यशार पार्टी की टीमों के बीच मुलाकात होने की संभावना है। इजरायली मीडिया आउटलेट Ynet न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में इसकी जानकारी दी है। इस मुलाकात में राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की संभावना पर चर्चा होने की उम्मीद है।
नेतन्याहू की आइजेनकोट से खुली अपील
दोनों पार्टियों के बीच बातचीत की खबर नेतन्याहू की उस अपील के बाद आई है जिसमें उन्हें गादी आइजेनकोट से मिलकर राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने का आह्वान किया था। शनिवार शाम को एक वीडियो संदेश में बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि केवल यूनिटी गवर्नमेंट ही इजरायल की सुरक्षा की गारंटी दे सकती है। उन्होंने आइजेनकोट को एकता सरकार के लिए बिना किसी शर्त के मिलने का न्योता दिया।
कुछ ही समय बाद आइजेनकोट ने नेतन्याहू की अपील को एक राजनीतिक चाल बताकर खारिज कर दिया। पूर्व इजरायली आर्मी चीफ आइजेनकोट ने कहा कि "नेतन्याहू बातचीत की मांग कर रहे हैं, जबकि बातचीत पहले से ही चल रही है। ऐसी चालें मुझ पर काम नहीं करतीं।"
प्रधानमंत्री पद पर कोई झुकने को नहीं तैयार
हालांकि, बातचीत शुरू होने के बावजूद किसी सहमति की बहुत कम संभावना है, क्योंकि दोनों नेता प्रधानमंत्री पद पर समझौता करने को तैयार नहीं है। प्रस्तावित गठबंधन में धार्मिक जायोनिस्ट पार्टी और नेतन्याहू विरोधी गुट की पार्टियां शामिल हो सकती हैं। लेकिन आइजेनकोट ने साफ कहा है कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री और इतमार बेन-ग्विर की कट्टर दक्षिणपंथी पार्टी ओत्जमा येहुदित के साथ कोई बातचीत नहीं करेंगे।
सरकार बनाने के लिए किसके पास नंबर?
इजरायल में 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में किसी पक्ष को बहुमत नहीं मिला है। 120 सीटों वाली नेसेट (संसद) में नेतन्याहू के दक्षिणपंथी गठबंधन को 53 सीटें मिलीं। विपक्षी नेता आइजेनकोट के यहूदी गठबंधन को 48 सीटों पर जीत मिली। वहीं, अरब दलों के नेतृत्व वालें दलों ने रिकॉर्ड 19 सीटों पर जीत हासिल हुई है और वे किंगमेकर बनकर उभरी हैं। सरकार बनाने के लिए 61 सीटों की जरूरत होती है। ऐसे में साफ था कि किसी के पास बहुमत नहीं था।
इजरायल में गतिरोध तब खत्म हुआ, जब दोनों अरब पार्टियों रा'म (7 सीट) और जॉइंट लिस्ट (12 सीट) ने आइजेनकोट के नाम का समर्थन किया। इससे आइजेनकोट को 67 सांसदों का समर्थन हासिल हो गया। सभी दलों से मुलाकात के बाद राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने बीते सप्ताह आइजेनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। आइजेनकोट के पास सरकार बनाने के लिए 28 दिन है। इसे आगे 14 दिनों तक बढ़ाया जा सकता है।