नई दिल्ली: यह कहानी है सुखजीत सिंह की। वह पंजाब में मानसा जिले के बिरोके कलां गांव के रहने वाले हैं। एक तरफ जहां किसान फसलों के वाजिब दाम न मिलने और पराली की समस्या से जूझते हैं, वहीं सुखजीत ने वैल्यू एडिशन के जरिए खेती की तस्वीर बदल दी है। आईटी सेक्टर की चमक-दमक छोड़कर उन्होंने नेचुरल फार्मिंग को अपनाया। पराली जलाना बंद किया। आज वह 50 से 100 रुपये किलो बिकने वाले सामान्य गेहूं और मोटे अनाज (मिलेट्स) से 600 से 800 रुपये किलो तक के रेडी-टू-ईट प्रोडक्ट तैयार कर रहे हैं। इनमें बिस्किट, पास्ता और नूडल्स जैसे 70 से ज्यादा उत्पाद शामिल हैं। इन्हें बेचकर उनके ब्रांड 'बिरोके' (Biroke) ने इंटरनेशनल मार्केट में अपनी अलग पहचान बना ली है।
बिरोके कलां गांव के सुखजीत सिंह अब पूरी तरह एग्रीप्रेन्योर बन चुके हैं। उन्होंने साबित किया है कि सही तकनीक और सोच के साथ खेती से पर्यावरण और सेहत दोनों की रक्षा करके बढ़िया मुनाफा कमाया जा सकता है। सुखजीत का प्राकृतिक खेती का सफर उनके भतीजे के जन्म से शुरू हुआ। डॉक्टरों ने बताया कि केमिकल फर्टिलाइजर से उगा अनाज और दूषित पानी सेहत को कितना नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस बात ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। उन्होंने आईटी सेक्टर में करियर बनाने के बजाय केमिकल-फ्री खेती करने का फैसला किया। साल 2012 में सुखजीत ने अपनी 10 एकड़ पुश्तैनी जमीन पर केमिकल युक्त गेहूं और धान की खेती छोड़ ऑर्गेनिक खेती शुरू की। इसके लिए उन्होंने लुधियाना के पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) और वैज्ञानिक डॉ. सुरिंदर ददल से जैव-उर्वरकों और पारंपरिक बीजों की ट्रेनिंग ली।
पंजाब में देसी बीजों की कमी थी। इसे देखकर सुखजीत ने हरियाणा, सिक्किम, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों की यात्रा की। देसी बीज जुटाए। वैसे केमिकल से ऑर्गेनिक खेती की ओर मुड़ने का शुरुआती दौर आसान नहीं था। मिट्टी की उर्वरता सुधरने में समय लगा। इसके चलते 2013 और 2014 में कम पैदावार हुई। उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। लेकिन, उन्होंने हार नहीं मानी। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाए। पराली जलाना पूरी तरह बंद कर दिया। अब वह हर सीजन में 200 से 300 क्विंटल गेहूं के भूसे को जुटाकर गन्ने, हल्दी और सब्जियों की मल्चिंग के लिए उसका इस्तेमाल करते हैं।
ऑर्गेनिक फसल उगाने के बावजूद शुरुआत में उन्हें सही खरीदार नहीं मिल रहे थे। इसके बाद साल 2018 में उन्होंने कच्चा अनाज बेचने के बजाय फूड प्रोसेसिंग का रास्ता चुना। सुखजीत ने गेहूं और मोटे अनाज (मिलेट्स) से नूडल्स, पास्ता, बिस्किट और स्नैक्स जैसे रेडी-टू-ईट प्रोडक्ट बनाने शुरू किए। इससे उनकी कमाई कई गुना बढ़ गई। मसलन, जो गेहूं मार्केट में करीब 100 रुपये प्रति किलो बिकता है, उससे बने बिस्किट वह 800 रुपये प्रति किलो तक बेचते हैं। 50 रुपये प्रति किलो वाला मोटा अनाज प्रोसेस होकर 600 रुपये प्रति किलो के पास्ता में बदल जाता है।
आज सुखजीत अपने ब्रांड 'बिरोके' के तहत हल्दी पाउडर, गुड़, मिलेट पास्ता, नूडल्स और कुकीज समेत 70 से ज्यादा प्रोडक्ट बेच रहे हैं। इसमें उनकी पत्नी सुखपाल कौर भी उनका पूरा साथ देती हैं। प्रोडक्ट तैयार करने के साथ वह प्रदर्शनियों में प्रचार करने में सुखजीत की मदद करती हैं। साल 2023 में 'अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष' के दौरान मोटे अनाजों के प्रति बढ़ी जागरूकता और ग्लूटेन-फ्री भोजन की डिमांड ने उनके ब्रांड को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। आज देश के अलग-अलग हिस्सों के अलावा अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, जर्मनी और मलेशिया समेत 8 देशों में रहने वाले प्रवासी भारतीय भी ऑनलाइन ऑर्डर से उनके प्रोडक्ट मंगवा रहे हैं।