भारत की तीनों बड़ी टेलीकॉम कंपनियों भारती एयरटेल, रिलायंस जियो और वोडाफोन आइडिया (Vi) ने 30 सितंबर, 2026 को खत्म हुई दूसरी तिमाही के अपने वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनियों ने अपने यूजर बेस से लेकर यूजर्स द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे इंटरनेट की जानकारी भी दी है। Vi ने बताया कि पिछली तिमाही में उसके कुल ग्राहकों की संख्या 19.31 करोड़ (193.1 मिलियन) थी, जो अब बढ़कर 19.44 करोड़ (194.4 मिलियन) हो गई है। खास बात यह है कि कंपनी के पोस्टपेड ग्राहकों की संख्या भी 3.19 करोड़ (31.9 मिलियन) से बढ़कर 3.39 करोड़ (33.9 मिलियन) पर पहुंच गई है, जो पिछले करीब सवा दो साल में पोस्टपेड ग्राहकों की संख्या में सबसे बड़ी बढ़त है। डेटा की खपत करने के मामले में जियो के यूजर्स सबसे आगे हैं। इसके बाद एयरटेल और फिर Vi का नंबर है। आइये, डिटेल में जानते हैं।
एयरटेल के यूजर हर रोज खर्च करते हैं 1.22 GB डेटा

एयरटेल के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का एक यूजर हर महीने औसतन 36.5 GB इंटरनेट डेटा खर्च कर रहा है। यानी हर ग्राहक रोजाना करीब 1.22 GB डेटा का इस्तेमाल करता है। इस कारण कंपनी का रेवेन्यू भी बढ़ा है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के दौरान एयरटेल के नेटवर्क पर कुल 3,335.8 करोड़ GB इंटरनेट डेटा का इस्तेमाल हुआ।


जियो यूजर्स हैं सबसे आगे

अब अगर Jio की बात करें तो कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, जियो का एक यूजर हर महीने औसतन 44.2 GB यानी रोजाना करीब 1.47 GB इंटरनेट डेटा का इस्तेमाल कर रहा है। इस तिमाही में जियो के नेटवर्क पर कुल 71.3 बिलियन GB डेटा खर्च हुआ। वहीं, सितंबर 2026 तक जियो के 5G यूजर्स का आंकड़ा 300 मिलियन के पार पहुंच गया है, जिसमें बीते 12 महीनों में 66 मिलियन नए ग्राहक जुड़े हैं। अब जियो के कुल इंटरनेट ट्रैफिक का लगभग 56 फीसदी हिस्सा सिर्फ 5G नेटवर्क से आ रहा है।
Vi तीसरे नंबर पर

वहीं, वोडाफोन आइडिया (Vi) के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी का हर 4G/5G ग्राहक महीने में औसतन 23 GB डेटा इस्तेमाल कर रहा है। इसका मतलब है कि कंपनी का हर ग्राहक रोजाना लगभग 767 MB डेटा का इस्तेमाल करता है। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के दौरान Vi के नेटवर्क पर हर दिन औसतन 93.6 पेटाबाइट (PB) यानी करीब 9.36 करोड़ GB डेटा खर्च हुआ। आंकड़ों को देखकर साफ-साफ लग रहा है कि जियो के ग्राहक इंटरनेट का इस्तेमाल करने के मामले में एयरटेल और Vi से आगे हैं।