रणवीर सिंह स्‍टारर 'धुरंधर' फ्रेंचाइज ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता का इतिहास रचा। यही नहीं, इसने हिंदी और भारतीय सिनेमा इंडस्ट्री की पुरानी सोच को भी बदलकर रख दिया। फिल्म की लंबाई से लेकर इसकी स्टोरी टेलिंग तक, आदित्‍य धर के डायरेक्‍शन में बनी दोनों फिल्‍मों में काफी कुछ ऐसा था, जिसको लेकर पहले सवाल उठाए जा रहे थे। अब फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने भी 'धुरंधर' फ्रेंचाइज की जमकर तारीफ की है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में इस फिल्म को एक ऐसा प्रोजेक्ट माना गया था, जिसके हिट होने के चांस कम थे, लेकिन इसने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया।

इम्तियाज अली का मानना है कि हिंदी सिनेमा इस समय ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहां फिल्ममेकर यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर दर्शकों को क्या पसंद आ रहा है और कौन-सा फॉर्मूला काम करेगा। उन्होंने 'धुरंधर' फ्रेंचाइज की सफलता का उदाहरण देते हुए बताया कि फिल्म की लंबाई से लेकर उनके कॉन्सेप्ट तक, कई ऐसी बातें थीं जिन्हें पहले जोखिम भरा माना जाता था। इसके बावजूद फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया और अब इंडस्ट्री के लोग भी इसी तरह की फिल्म के बारे में सोच रहे हैं।
बदलती हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर इम्तियाज अली ने क्या कहा?

इम्तियाज अली की हालिया फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' बॉक्स ऑफिस पर सरप्राइज हिट साबित हुई। उन्होंने 'हिंदुस्तान टाइम्स समिट' में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के बदलते माहौल पर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि फिल्ममेकर्स के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब दर्शकों को किस तरह की फिल्में पसंद आएंगी। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि फिल्म इंडस्ट्री में कुछ बहुत दिलचस्प हो रहा है। हम एक ऐसे दिलचस्प दौर में हैं जहां लोग कह रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं कर रहा है। क्या हमें बड़े स्टार के साथ जाना चाहिए या बिना स्टार के, आखिर क्या काम करेगा? लोग कहते हैं कि दर्शकों का ध्यान टिके रहने का समय (अटेंशन स्पैन) कम हो गया है, लेकिन जो फिल्में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, वे तीन घंटे लंबी हैं। कहा जाता है कि लंबी फिल्में नहीं चलतीं। लोग धुरंधर को सफलता के उदाहरण के तौर पर पेश कर रहे हैं, लेकिन जरा उस फिल्म की लंबाई तो देखिए।'
'धुरंधर' फ्रेंचाइज को लेकर स्टूडियोज को क्यों था शक?

इम्तियाज अली ने बताया कि जब 'धुरंधर' का आइडिया सामने आया था और मेकर्स इसे लेकर अलग-अलग स्टूडियोज के पास जा रहे थे, तब इसे एक बड़ा जोखिम माना जा रहा था। उस समय लोगों को भरोसा नहीं था कि इस तरह की फिल्म दर्शकों के बीच सफल हो पाएगी। इस बारे में उन्होंने कहा, 'इस बात को भूल जाइए कि जब धुरंधर का विचार आया था और इसे लेकर स्टूडियोज के चक्कर लगाए जा रहे थे, तब लोगों को लगा था कि यह सबसे अव्यावहारिक फिल्म है, जिसके सफल होने की संभावना सबसे कम है। लेकिन इसने सारे नियम तोड़ दिए, और अब हर कोई एसी ही फिल्म बनाना चाहता है। हम सब सोच रहे हैं कि आखिर क्या काम करेगा। भाषा भले ही बदल जाए, लेकिन मुझे लगता है कि फिल्म इंडस्ट्री अभी आत्म-मंथन के दौर से गुजर रही है। '

क्या है 'धुरंधर' फ्रेंचाइज की कहानी और स्टार कास्ट

आदित्य धर के निर्देशन और लेखन में बनी 'धुरंधर' एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है। इसमें रणवीर सिंह ने एक भारतीय एजेंट का किरदार निभाया है, जो पाकिस्तान में मौजूद गिरोहों और आतंकी नेटवर्क के बीच घुसपैठ करता है। फिल्म के जासूसी, एक्शन और अपराध की दुनिया से जुड़ी कहानी दिखाई गई है। रणवीर सिंह के अलावा फिल्म में आर. माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, राकेश बेदी और सारा अर्जुन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर बनाया बड़ा रिकॉर्ड

'धुरंधर' फ्रेंचाइज की पहली फिल्म को दर्शकों से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। इसने 2025 में देश में ₹840.20 करोड़ का नेट कलेक्‍शन और वर्ल्‍डवाइड ₹1,307.35 करोड़ की ग्रॉस कमाई की। जबकि इसके सीक्‍वल 'धुरंधर 2' ने कमाई का नया इतिहास रचा। हालांकि, दर्शकों की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही, लेकिन फिल्‍म ने बॉक्स ऑफिस पर देश में ₹1,149.30 करोड़ की नेट कमाई और वर्ल्‍डवाइड ₹1,813.39 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन किया। ये दोनों ही फिल्में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हो चुकी हैं।

इम्तियाज अली के आने वाले प्रोजेक्ट्स

'धुरंधर' की तारीफ के बीच इम्तियाज अली अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी बनाई वेब सीरीज 'ओ साथी रे' 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। इस सीरीज में अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसे अरिफ अली ने डायरेक्ट किया है, जबकि इम्तियाज अली ने इसकी कहानी लिखी और इसे प्रोड्यूस किया है। वहीं, अपनी अगली फिल्म को लेकर इम्तियाज फिलहाल कहानी लिखने में जुटे हैं। उन्होंने साफ किया है कि अभी फिल्म की कास्ट और कहानी को लेकर कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है।