तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज एक्टर गिरी बाबू अब इस दुनिया में नहीं रहे। 14 नवंबर, शनिवार को 80 साल की उम्र में उन्होंने हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा सदमा लगा है। चिरंजीवी, मोहन बाबू, नंदमुरी बालकृष्ण और पवन कल्याण समेत कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है।
गिरी बाबू का असली नाम येरा शेषगिरि राव था। उन्होंने अपने करीब पांच दशक लंबे करियर में 600 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। हीरो से लेकर विलेन और कॉमेडी के किरदारों तक, उन्होंने हर तरह की भूमिका में अपनी अलग पहचान बनाई। वह एक एक्टर होने के साथ-साथ निर्माता और निर्देशक भी थे। उनके जाने से तेलुगू सिनेमा ने एक अनुभवी दिग्गज कलाकार खो दिया।
रविवार को गिरी बाबू का अंतिम संस्कार
'मूवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन' (MAA) ने अपने लाइफ-टाइम मेंबर गिरी बाबू के निधन पर दुख जताया है और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उनका पार्थिव शरीर शनिवार शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक 'फिल्म चैंबर' में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। यहां फिल्म इंडस्ट्री के लोगों और उनके चाहने वालों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, उनका अंतिम संस्कार 15 नवंबर, रविवार दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच मेदारामेटला के पास रविनुथला में किया जाएगा।
चिरंजीवी ने गिरी बाबू को याद कर जताया दुख
मेगास्टार चिरंजीवी ने गिरी बाबू के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह खबर सुनकर उन्हें बड़ा झटका लगा है। चिरंजीवी ने तेलुगू सिनेमा में गिरी बाबू के योगदान को याद करते हुए कहा कि एक एक्टर, निर्माता और निर्देशक के तौर पर उन्होंने अपनी खास पहचान बनाई थी। उन्होंने यह भी कहा कि गिरी बाबू की अलग एक्टिंग स्टाइल और अलग-अलग तरह के किरदारों को निभाने की उनकी कला हमेशा याद रखी जाएगी। चिरंजीवी ने उनके निधन को फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना जताई।
मद्रास के दिनों को याद कर भावुक हुए मोहन बाबू
गिरी बाबू के करीबी दोस्त और एक्टर मोहन बाबू भी उनके निधन से बेहद दुखी हैं। 'डेक्कन क्रॉनिकल' की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने मद्रास में अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद किया, जब दोनों एक ही कमरे में रहा करते थे। मोहन बाबू ने कहा, 'जब हम मद्रास में थे, तो गिरी बाबू और मैं रूममेट थे। वे मुझसे पहले फिल्म उद्योग में आए थे, और बाद में हमने एक-दूसरे की फिल्मों में साथ काम किया। वे बहुत बड़े दिल वाले इंसान थे, जिन्होंने कई अलग-अलग तरह के किरदारों में बेहतरीन काम किया। उन्होंने एक अभिनेता, निर्देशक और निर्माता के रूप में सफलता हासिल की। मेरे पास अपने दुख को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं उनकी आत्मा की शांति और उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिलने की प्रार्थना करता हूं।'
नंदमुरी बालकृष्ण ने भी साझा की पुरानी यादें
एक्टर नंदमुरी बालकृष्ण ने भी गिरी बाबू के साथ काम करने के दिनों को याद किया। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने बताया कि अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने गिरी बाबू के साथ फिल्म 'अन्नादम्मुल अनुबंधम' में काम किया था। इसके बाद भी गिरी बाबू उनकी कई फिल्मों का हिस्सा रहे। बालकृष्ण ने कहा, 'मैंने अपने करियर की शुरुआत में अन्नादम्मुल अनुबंधम में उनके साथ काम किया था। उन्होंने मेरी कई फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाईं। गिरी बाबू न केवल एक अच्छे अभिनेता थे, बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी थे। उनका जाना एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती।' उन्होंने एक्टर रघु बाबू और परिवार के दूसरे सदस्यों के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की।
पवन कल्याण ने की गिरी बाबू की मल्टीटैलेंटेड पर्सनेलिटी की तारीफ की
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और एक्टर पवन कल्याण ने भी गिरी बाबू के निधन पर शोक जताया। उन्होंने उनके एक्टिंग की तारीफ करते हुए कहा कि गिरी बाबू ने विलेन, हीरो और चरित्र अभिनेता के रूप में अपनी अलग छाप छोड़ी थी। इतना ही नहीं, उनकी कॉमेडी करने की कला भी काफी शानदार थी। पवन कल्याण ने यह भी याद किया कि गिरी बाबू एक सफल निर्माता और निर्देशक भी थे। उन्होंने दिवंगत अभिनेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके बेटे रघु बाबू समेत पूरे परिवार के प्रति संवेदना जताई।
20 साल की उम्र में हुई थी शादी, 2016 में पत्नी का हुआ निधन
गिरी बाबू की शादी महज 20 साल की उम्र में हो गई थी। उनकी पत्नी का नाम श्रीदेवी था। शादी के बाद भी गिरी बाबू ने फिल्मों में करियर बनाने का सपना नहीं छोड़ा। संघर्ष के दिनों में उनकी पत्नी ने परिवार संभाला। दोनों के दो बेटे और एक बेटी थे। उनके बड़े बेटे रघु बाबू तेलुगू फिल्मों के जाने-माने कॉमेडियन और एक्टर हैं, जबकि छोटे बेटे बोस बाबू ने भी फिल्मों में काम किया। साल 2016 में बीमारी के चलते उनकी पत्नी श्रीदेवी का निधन हो गया था। इसके बाद गिरी बाबू ज्यादातर अपने पैतृक गांव रविनुथला में रहने लगे थे।
600 से ज्यादा फिल्मों में किया काम, ऐसा रहा गिरी बाबू का सफर
गिरी बाबू का जन्म आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के रविनुथला में हुआ था। उन्होंने फिल्म 'जगामे माया' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। शुरुआत में उन्होंने हीरो के तौर पर काम किया, लेकिन बाद में विलेन और कॉमेडी किरदारों में भी अपनी पहचान बनाई। इसके बाद वह सहायक भूमिकाओं में भी काफी लोकप्रिय हुए। करीब पांच दशकों तक चले अपने करियर में उन्होंने 600 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। एक्टिंग के अलावा उन्होंने कई फिल्मों का निर्देशन और निर्माण भी किया। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें एक्टर रघु बाबू भी शामिल हैं।