ग्वालियर में बीच सड़क पर लहराती कार को साइड मांगने के लिए हॉर्न बजाना एक युवक को भारी पड़ गया। कार सवार दबंगों ने बीच सड़क पर गाड़ी अड़ाकर युवक का रास्ता रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए डंडों से उसकी कार के चारों तरफ के कांच, साइड ग्लास और हेडलाइट तोड़ दिए।

जाते-जाते आरोपी धमकी दे गए कि हमारी गाड़ी को हॉर्न देना मतलब मौत को बुलावा देना है। घटना दीपावली की रात झांसी रोड थाना क्षेत्र के चेतकपुरी गेट के पास हुई। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


हॉर्न बजाया तो ओवरटेक कर अड़ा दी गाड़ी


रविवार रात हॉस्पिटल रोड स्थित नाट्य कला मंदिर के पास रहने वाले 24 वर्षीय संकेत दुबे पुत्र हेमंत दुबे अपनी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (MP 07 CD-3060) से रंगमहल के सामने स्थित इन्फोसिस हॉस्पिटल की ओर जा रहे थे।

रास्ते में बंधन वाटिका के सामने बिना नंबर प्लेट की एक काले रंग की इलेक्ट्रिक कार बीच सड़क पर लहराते हुए चल रही थी। संकेत ने साइड मांगने के लिए हॉर्न बजाया। हॉर्न की आवाज सुनते ही कार चला रहा आरोपी भड़क गया। उसने चेतकपुरी गेट के सामने पेट्रोल पंप के पास अपनी गाड़ी संकेत की कार के आगे अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया।

डंडे से हमला कर कांच और हेडलाइट तोड़ी

संकेत की कार रुकते ही कार सवार आरोपी नीचे उतरे और उनसे गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान एक युवक ने अपनी पहचान मुरार निवासी रोहित यादव के रूप में दी। तभी कार की दूसरी तरफ से रोहित का एक साथी हाथ में डंडा लेकर बाहर निकला और संकेत की कार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमलावर ने कार के चारों तरफ के कांच, साइड ग्लास और आगे की दाईं तरफ की हेडलाइट तोड़ दी। डंडों के प्रहार से कार का बोनट पिचक गया और बंपर भी टूटकर लटक गया।

धमकी देकर एजी ऑफिस की तरफ भागे आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी धमकी देते हुए अपनी कार से एजी ऑफिस की ओर फरार हो गए। डरे हुए संकेत ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता हेमंत दुबे के साथ झांसी रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।