सोमवार की सुबह दिल्ली के कई इलाक़ों में प्रदूषण की स्थिति बेहद ख़राब दर्ज की गई. कई इलाक़ों में एक्यूआई 400 के क़रीब दर्ज किया गया है. कई इलाकों में विज़िब्लिटी काफ़ी कम पाई गई है.

कुछ इलाक़ों में तो लोगों को काफ़ी क़रीब की चीज़ें भी नहीं दिख रही हैं.

राजधानी और इसके आसपास के इलाक़ों में बीते कई दिनों से हवा की गुणवत्ता बेहद ख़राब और सिवियर कैटेगरी में दर्ज की गई है.

आशंका है कि प्रदूषण के साथ ही विज़िब्लिटी कम कम होने का असर ट्रेन और हवाई सेवाओं पर भी पड़ सकता है.

दिल्ली में प्रदूषण का हाल

दिल्ली सरकार के वायु गुणवत्ता निगरानी पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक़, सुबह छह बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 366 रहा.

सबसे अधिक प्रदूषण सोनिया विहार में दर्ज किया गया, जहां एक्यूआई 449 रहा. इसके बाद बुराड़ी क्रॉसिंग में 445, विवेक विहार में 441, जहांगीरपुरी में 439 और नॉर्थ कैंपस में 437 एक्यूआई दर्ज किया गया.

आंकड़ों के मुताबिक़, दिल्ली के 55 निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण की मुख्य वजह PM2.5 रहा. वहीं, राजधानी में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (गीआरएपी) का दूसरा चरण लागू है.

दिल्ली में रविवार के मुकाबले प्रदूषण के स्तर में 17 अंकों का सुधार हुआ है, लेकिन हवा की गुणवत्ता अब भी बेहद खराब बनी हुई है