मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह कार में 6 लोग जिंदा जल गए। हाईवे पर 120 की रफ्तार में कार पहले बिजली के पोल से टकराई। फिर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। फिर कार धू-धू कर जलने लगी।

कार में हरियाणा के हिसार के रहने वाले 2 सगे भाइयों समेत 6 लोग सवार थे। सभी दोस्त थे। हरिद्वार जा रहे थे। उम्र 21 से 23 साल के बीच थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली के पोल के 2 टुकड़े हो गए। कोई कार से बाहर नहीं निकल पाया।

हादसा जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास सुबह 5 बजे हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

गेट तोड़ा तो अंदर सिर्फ कंकाल बचे थे। पुलिस ने उन्हें बैग में भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतकों में राहुल (22), उसका भाई अंकित (21), साहिल (22), अजय (22), अमन (19) और अंकित (23) शामिल हैं।

किसी को कार के पास पहुंचने तक का मौका नहीं मिला

प्रत्यदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी। अचानक कार डगमगाने लगी और पलट गई। फिर उससे धुआं उठा और आग लग गई। आग ने इतनी जल्दी भयानक रूप लिया कि किसी को कार के पास पहुंचने तक का मौका नहीं मिला।

शायद कार पलटने की वजह से अंदर बैठे लोग ज्यादा घायल हो गए थे, इसलिए वो बाहर निकलने की कोशिश भी नहीं कर पाए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। भीड़ में किसी ने डायल 112 पर फोन किया। पुलिस फायर ब्रिगेड के साथ पहुंची।

एसपी देहात अक्षय संजय महादिक ने बताया- दमकलकर्मियों ने जब आग पर काबू पाया तो कार पूरी तरह से जल चुकी थी। सिर्फ उसका ढांचा बचा था। अंदर लोगों की बॉडी जलकर अकड़ गई थी। मांस बचा ही नहीं था। सिर्फ हडि्डयां बची थीं।


पहचान की

पुलिस ने बताया कि हादसे में पूरी तरह जली ऑरा कार पेट्रोल-CNG वेरिएंट की थी। आशंका है कि पलटने के दौरान निकली चिंगारी या शॉर्ट सर्किट से आग लगी। कार और शव इतनी बुरी जल गए थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।

हालांकि, किसी तरह गाड़ी का नंबर प्लेट बच गया। उस पर नंबर (HR 66D 6390) लिखा था। नंबर से कार के मालिक प्रवीण की डीटेल मिली। उनसे संपर्क करने पर पता चला कि 2 दिन पहले हिसार का साहिल कार लेकर गया था। वह उनका रिश्तेदार है।

प्रवीण ने पुलिस को साहिल के परिवार का नंबर दिया। उनसे संपर्क करने पर परिवार ने साहिल के दोस्तों के साथ हरिद्वार जाने की बात बताई। उनकी मदद से पुलिस ने बाकी दोस्तों की पहचान की। उनके परिजनों को संपर्क कर हादसे की जानकारी दी।


सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार स्नान करने जा रहे थे

साहिल के परिजनों ने बताया कि वह बुकिंग पर कार चलाता था। दिवाली की रात दोस्तों के साथ अचानक हरिद्वार जाने का प्लान बनाया। अंकित, राहुल, साहिल और दूसरा अंकित हिसार के नारनौल थाने के राखी गढ़ी के रहने वाले थे।

अमन और अजय पास के ही गांव मोठ लुहारी में रहते थे। अंकित AC-फ्रिज रिपेयरिंग और राहुल गैस बिल्डिंग का काम करता था। सभी सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार स्नान करने के लिए रात 12 बजे राखीगढ़ी से रवाना हुए थे।


लखनऊ में आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह यात्रियों से भरी बस पलटकर 40 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। 40 से ज्यादा यात्री गंभीर घायल हैं। इनमें छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। पुलिसवाले बच्चों को गोद में लेकर एंबुलेंस में बैठाते नजर आए।