दक्षिण एशिया की राजनीति में पिछले दो साल से जो उथल-पुथल चल रही थी, वह अब अपने सबसे नाजुक और निर्णायक दौर में पहुंच गई है. एक तरफ पाकिस्तान है, जहां नए सूबे बनाने की कवायद, फौज के बढ़ते दबदबे और सियासी जोड़-तोड़ ने पूरे सिस्टम को हिला रखा है. दूसरी तरफ बांग्लादेश है, जहां पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी की आहट के बीच सड़कों पर हिंसा, आगजनी और आर्थिक खींचतान ने तारीक रहमान सरकार के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है.
दिलचस्प बात यह है कि पिछले कुछ समय में भारत और खासकर मोदी सरकार को निशाना बनाकर इन दोनों पड़ोसियों ने अपनी घरेलू राजनीति साधने की कोशिश की. लेकिन आज हालत यह है कि दोनों देश खुद अपने ही घर की सियासी कलह और अंदरूनी खींचतान में उलझे नजर आ रहे हैं. बाहर का मुद्दा उठाकर अंदर की कमजोरियां छुपाने का दांव अब उल्टा पड़ता दिख रहा है, क्योंकि जमीन पर असली लड़ाई सत्ता, ताकत और पहचान की है.
पाकिस्तान में नए सूबों का दांव और अंदरूनी घमासान
पाकिस्तान की राजनीति इस वक्त एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जहां कभी भी बड़ा धमाका हो सकता है. नए सूबे बनाने का मुद्दा सामने आते ही सभी बड़ी पार्टियों के बीच खींचतान तेज हो गई है. कागजों और बयानों में इसे प्रशासन सुधार और बेहतर इंतजाम से जोड़कर दिखाया जा रहा है, लेकिन हकीकत यह है कि इसके पीछे सत्ता और ताकत का नया नक्शा खींचने की तैयारी चल रही है. चर्चाएं हैं कि सेना प्रमुख आसिम मुनीर के स्तर पर दर्जनभर या उससे ज्यादा नए सूबों या छोटे प्रशासनिक हिस्सों के गठन को लेकर विचार चल रहा है. संविधान में बदलाव के जरिए पहले ही काफी ताकत जुटा चुके आसिम मुनीर पर ही यह दारोमदार है कि वे इस मुहिम को कितनी आगे बढ़ाते हैं.
जानकारों का मानना है कि यह मुहिम जितनी आगे बढ़ेगी, पाकिस्तान के भीतर उतना ही तनाव और टकराव बढ़ेगा. नए सूबे बनाने की बात आते ही सबसे पहले इलाके की पहचान और हिस्सेदारी का सवाल खड़ा होता है. पाकिस्तान में पहले से ही सूबों के बीच संसाधनों और ताकत को लेकर पुरानी नाराजगी मौजूद है. ऐसे में नक्शे को दोबारा खींचने की कोई भी कोशिश पुराने जख्मों को हरा कर सकती है और नए मोर्चे खोल सकती है.
बिलावल की बगावत, सिंध का सवाल -
इस पूरे सियासी घमासान में सबसे तीखे और बागी तेवर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता बिलावल भुट्टो ने दिखाए हैं. सिंध वह इलाका है जहां भुट्टो परिवार और PPP की मजबूत पकड़ है. बिलावल ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मर्जी के खिलाफ और जोर-जबरदस्ती से सिंध का बंटवारा करने की कोशिश हुई, तो वहां बलूचिस्तान जैसे हालात पैदा हो सकते हैं. कराची और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में अशांति और टकराव की आशंका जताकर उन्होंने साफ कर दिया है कि PPP इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है.
बिलावल का गुस्सा सिर्फ नए सूबों तक सीमित नहीं है. उन्होंने सरकार के भीतर कामकाज के तरीके, फैसलों में सलाह-मशविरे की कमी और मंत्रियों के बयानों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. खासतौर पर गृह मंत्री मोहसिन नकवी के बयानों और नए सूबों या जनमत संग्रह जैसी बातों को लेकर बिलावल ने कड़ा रुख अपनाया है. जब सत्ता के साझेदारों के बीच ही भरोसा डगमगाने लगे, तो सरकार की पकड़ कमजोर पड़ना तय है. शहबाज शरीफ के लिए सबसे बड़ी मुश्किल यही है कि वे एक तरफ फौज के साथ तालमेल बिठाने में जुटे हैं और दूसरी तरफ सहयोगी दलों की नाराजगी संभालने में लगे हैं.
पाकिस्तान की सियासत का एक और बड़ा पहलू जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से जुड़ा है. पिछले कुछ समय से लगातार यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि इमरान खान की रिहाई को लेकर पर्दे के पीछे कोई डील या समझौता हो सकता है. लेकिन इन अटकलों के बीच इमरान खान की खुली चिट्ठी ने पूरे मामले में नया सस्पेंस पैदा कर दिया है.