तेहरान: ईरान ने 4500 किमी तक मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइलें हासिल करने का संकेत दिया है। ईरानी मिसाइलें पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इजरायल में कई मौकों पर तबाही मचा चुकी हैं। अब ईरान के पास 4500 किमी रेंज की मिसाइलें आना पश्चिम एशिया से परे अमेरिका और यूरोप के लिए चिंता का सबब बनेगा। ईरान की ये मिसाइलों हिंद महासागर के डिएगो गार्सिया द्वीप तक पहुंच सकती हैं, जो अमेरिका और ब्रिटेन के लिए बेहद अहम सैन्य अड्डा है। यूरोप तक भी ये मिसाइलें पहुंच सकती हैं।
डिफेंस सिक्योरिटी एशिया के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल हुसैन मोहेबी ने देश की मिसाइल क्षमता 4500 होने को डिएगो गार्सिया से की गई गतिविधियों से जोड़ा है। उनका कमेंट ईरान की इस महीने के शुरू में की गई उस घोषणा के बाद आया है, जिसमें बैलिस्टिक मिसाइलों पर लगे 2000 किमी के प्रतिबंध को हटाने की बात कही गई थी।
ईरान ने क्या कहा है
जनरल मोहेबी ने कहा है कि ईरान ने 4,500 किलोमीटर तक की मारक क्षमता का प्रदर्शन किया है। वॉशिंगटन और लंदन के लिए विस्तारित ईरानी मिसाइल आक्रमण क्षेत्र हिंद महासागर में उनकी सैन्य स्थिति को जटिल बना सकता है। यूरोपीय सरकारों के लिए भी तेहरान की घोषणा मौजूदा सुरक्षा बहस को व्यापक बनाती है।
इस साल मार्च में पश्चिमी अधिकारियों ने डिएगो गार्सिया की ओर दो मिसाइल दागने का आरोप ईरान पर लगाया था। हालांकि ये दोनों मिसाइलें अड्डे पर नहीं गिरी थीं। तब ईरान ने इसकी जिम्मेदारी लेने से इनकार करते हुए घटना को अपने खिलाफ झूठे प्रचार अभियान से जोड़ा था। अब फिर से उस हमले की चर्चा होने लगी है।
ईरान की मिसाइल क्षमता
ईरान की घोषणा नीतिगत बदलाव दिखाती है। इसका मकसद ऐसा डिटेरेंस (निवारक) संदेश देना है। यह ईरानी के खिलाफ दी गई धमकियों को क्षेत्रीय युद्ध-क्षेत्र से दूर स्थित सैन्य बुनियादी ढांचे पर पड़ने वाले संभावित परिणामों से जोड़ता है। ईरान अपने हथियारों की संख्या, उनकी कमियां या तैयारी की स्थिति को उजागर नहीं करता है।
ईरान के लिए लंबी मारक क्षमता का मतलब है कि वह और अधिक दूर स्थित लक्ष्यों को खतरे में डाल सकता है। इसके बावजदू दूर के ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश करने पर उसे खुफिया जानकारी, मिशन की योजना, हथियारों के आवंटन और परिणामों के आकलन के लिए अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता होगी।
ईरानी सेना पूरी तरह तैयार है। उनकी उंगलियां ट्रिगर पर हैं। हम दुश्मन की मूर्खता का इंतजार कर रहे हैं। कोई हमला होता है तो दुश्मन को ईरान के मिसाइलों का वार सहना होगा।
ईरानी के ब्रिगेडियर बेलाली
डिएगो गार्सिया क्यों निशाने पर
डिएगो गार्सिया इस घोषणा से सबसे ज्यादा चर्चा में है। यह द्वीप अमेरिकी और ब्रिटिश आर्मी के संयुक्त दूरस्थ सैन्य स्थिति का प्रतिनिधित्व करता है। इसकी सुरक्षा गणना ईरान के स्थापित क्षेत्रीय मिसाइल क्षेत्र के भीतर पहले से मौजूद सुविधाओं की तुलना में अलग हैं। ईरान इतनी दूर पहुंचने में सक्षम होता है तो अमेरिका को अपनी स्थिति पर पुनर्विचार करना पड़ेगा।
अमेरिका के अलावा यूरोप के लिए इसका तत्काल परिणाम यह है कि उसे व्यापक आकस्मिक योजनाएं बनाने की आवश्यकता है। इसमें सैन्य तैनाती में किसी भी वास्तविक बदलाव का पैमाना ईरान की साबित हो चुकी क्षमताओं, विश्वसनीय लक्ष्य-संकेतों और उन बुनियादी ढांचों के रणनीतिक महत्व पर आधारित होना चाहिए, जो हमले की जद में आ सकते हैं।