दुबई: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट को अपनी बहादुरी से क्रैश होने से बचाने वाले हीरो भारतीय पायलट की दुनिया भर में तारीफ हो रही है। भारतीय पायलट की पहचान स्मित मच्छार के रूप में हुई है। मच्छार पर उनके को-पायलट ने विमान को क्रैश कराने की कथित कोशिश के दौरान चाकू से हमला किया था। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मच्छार को सच्चा नायक बताया और कहा कि उन्होंने अपनी बहादुरी से भयावह त्रासदी को टाल दिया। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय पायलट को हीरो कहा है।स्मित मच्छार की बहादुरी को लेकर हो रही चर्चा के बीच उनका एक पुराना इंटरव्यू वायरल हो रहा है, जिसमें वे इमरजेंसी हालात के बारे में बात कर रहे हैं। एक साल पहले एक पॉडकास्ट में स्मित मच्छार ने केबिन क्रू के महत्व के बारे में बात की थी। क्लिप में उन्हें इस पर चर्चा करते सुना जा सकता है कि लोग अक्सर केबिन क्रू के साथ ठीक से पेश नहीं आते हैं। मच्छार ने कहा, जब हालात खराब होते हैं, तो आपको उनकी जरूरत होती है।केबिन क्रू की बताई अहमियत
मच्छार ने कहा, "जब हम वहां ऊपर (फ्लाइट) होते हैं और कुछ होता है, तो कौन आपको बचाएगा। आप लकी होंगे अगर फ्लाइट में कोई डॉक्टर हुआ तो, लेकिन अगर नहीं हुआ तो वे (केबिन क्रू) प्रशिक्षित होते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि मैं यह नहीं कह रहा कि वे सर्जरी कर सकते हैं, लेकिन वे आपकी जिंदगी बचा सकते हैं।"यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोग किस तरह से केबिन क्रू के साथ व्यवहार करते हैं, लेकिन हालात जब खराब होते हैं तो आपको उनकी जरूरत होती है।
स्मित मच्छार, भारतीय पायलट
इजरायल जा रही फ्लाइट में दिखाई बहादुरी
फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान के भारतीय कैप्टन मच्छार ने तब एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया जब वह विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ गये। इस घटना के चलते विमान को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। हालांकि इस घटना के कुछ घंटों के बाद यात्री फ्लाईदुबई के दूसरे विमान से तेल अवीव लौट गये।समाचार वेबसाइट वाईनेट ने इज़राइली अधिकारियों के हवाले से बताया कि सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उस पर विमान को गिराने की कोशिश करने का संदेह था। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए भारतीय कैप्टन अपने सह-पायलट से भिड़ गये और बाद में इज़राइली यात्रियों ने सह-पायलट को काबू करने में मदद की।