
राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ट्रैंपो ट्रैवलर पुलिया से गिर गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे।
एक्सीडेंट शनिवार सुबह 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ। SHO नंद सिंह ने बताया कि ट्रैवलर भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा था। कोटा शहर से 35 किलोमीटर दूर कराड़िया टोल के पास ट्रैवलर पुलिया से 15 फीट नीचे गिर गया।
एक्सीडेंट में 17 पैसेंजर्स घायल हुए हैं। अंधेरे के कारण रेस्क्यू में कुछ देरी भी हुई। ग्रामीणों ने बताया कि कई डेडबॉडी सीटों के बीच फंसी थीं। उन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर खींचा गया। घायलों को खिड़की तोड़कर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार बस के सभी पैसेंजर्स आपस में रिश्तेदार हैं।
ये लोग खाटूश्याम जाने के लिए भोपाल से शाम 7 बजे निकले थे।
एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि हादसे में घायल लोग 4 दिन के राजस्थान टूर पर आए थे।
सभी पहले दिन खाटूश्याम जा रहे थे इस बीच ये हादसा हो गया।
रेस्क्यू करने पहुंची टीम के एक मेंबर ने बताया कि आशंका है कि बस एक्सप्रे-वे से नीचे बोनट की तरफ से टकराई हो।
क्योंकि अगला हिस्सा पूरी तरह से खत्म हो गया है। एक्सीडेंट इतना भीषण था कि एक बॉडी डैश बोर्ड के कांच को तोड़ते हुए बाहर आ गई थी।
एक्सप्रेस- वे पर कुछ देर के लिए जाम
स्थानीय पुलिस के अनुसार घटना की सूचना करीब सवा छह बजे मिली थी। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तुरंत रेस्क्यू शुरू कर दिया था। कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर जाम की स्थिति भी बन गई थी।
घायलों में वंदिता पुत्री रविंद्र झरबड़े, अजय गावंडे पुत्र मरोतराव गावंडे, वेदांत झरबड़े पुत्र योगेश झरबड़े, मोहनिस झरबड़े पुत्र रविंद्र झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े पुत्री कमलेश झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ पत्नी संतोष गायकवाड़, सारांश पुत्र कमलेश झरबड़े घायल हुए हैं।
कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ नीलेश जैन ने बताया कि सभी मृतकों और घायलों की पहचान हो गई है।
मृतकों के नाम अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी, राजू हैं। बस ड्राइवर की भी मौत हो गई है।
इनमें से 7 की मौत मौके पर ही हो गई थी। एक घायल ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ड्राइवर को झपकी के कारण हादसे की आशंका
पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि एक्सीडेंट ड्राइवर को झपकी आने के कारण हुआ है।
ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया है। आगे की तरफ बैठे पैसेंजर्स को सबसे ज्यादा चोट लगी है।