ज्यादातर लोग एयर प्यूरिफायर सिर्फ ये देखकर खरीद लेते हैं कि उसमें Hepa फिल्टर लगा है लेकिन उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं होता है कि Hepa फिल्टर कितने तरह के होते हैं और कौन से फिल्टर वाला एयर प्यूरिफायर बेहतर रहता है। दरअसल, बाजार में H13, H14 और बजट मॉडल्स में HEPA-Type फिल्टर आते हैं। ऐसे में जानना बेहद जरूरी है कि इनमें से सबसे बेहतर कौन सा है और कौन आपके कमरे की हवा को कितना बेहतर साफ कर सकता है।
घरों के लिए बेहतर फिल्टर कौन सा है?

EN 1822 स्टैंडर्ड्स के मुताबिक HEPA H13 ग्रेड का फिल्टर हवा में से कम से कम 99.95% बारीक कणों को साफ कर सकता है। ऐसे में ये फिल्टर धूल, परागकण, फफूंद, पालतू जानवरों के रोएं और खतरनाक PM2.5 प्रदूषण को बहुत आसानी से रोक सकता है।

भारतीय शहरों में आम कमरों, बेडरूम और होम ऑफिस आदि के लिए HEPA H13 ग्रेड के फिल्टर को बेस्ट माना जाता है। अगर आप भी घर या होम ऑफिस के लिए प्यूरिफायर ले रहे हैं, तो HEPA H13 ग्रेड फिल्टर के साथ आने वाले प्यूरिफायर को आप खरीद सकते हैं।
हवा सबसे ज्यादा साफ करता है HEPA H14 फिल्टर

  • रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर आप ऐसा फिल्टर तलाश रहे हैं, तो जो हवा को सबसे ज्यादा साफ कर सकता हो, तो आप H14 फिल्टर के साथ आने वाला प्यूरिफायर ले सकते हैं। इसकी फिल्ट्रेशन की क्षमता 99.995% होती है और इसमें से सिर्फ 5 कण ही पार हो सकते हैं। इसे आमतौर पर लैब या अस्पतालों जैसी जगहों पर इस्तेमाल किया जाता है।

  • हालांकि ध्यान रखने वाली बात ये है कि यह फिल्टर बहुत घना होता है और इसमें से हवा को साफ करने के लिए तेज बहाव पैदा करने वाले प्यूरिफायर की जरूरत होती है।

  • ऐसे में HEPA H14 फिल्टर इस्तेमाल करने से पहले इस बात का ध्यान रखें कि आपका प्यूरिफायर फिल्टर के साथ कंपैटिबल हो।


HEPA-Type फिल्टर किसके लिए सही?

अगर आप बजट में एयर प्यूरिफायर खरीद रहे हैं, तो उस पर HEPA-Type फिल्टर मिल सकता है। यह फिल्टर किसी इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के तहत नहीं आता। हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि ये फिल्टर कोई काम नहीं करता। असल में HEPA Type फिल्टर की क्षमता तय नहीं होती।

ऐसे में ये हवा कितना साफ करेगा इसकी गारंटी नहीं ली जा सकती और सबकुछ फिल्टर की क्वालिटी पर निर्भर रहता है। अगर फिल्टर को बनाने वाली कंपनी टेस्टिंग रिजल्ट या सटीक आंकड़े न दे, तो इस तरह के फिल्टर को इस्तेमाल करने का फायदा नहीं होता। ऐसे में अगर संभव हो तो HEPA-Type ग्रेड वाले फिल्टर के इस्तेमाल से बचना चाहिए।

CADR, कार्बन फिल्टर और मेंटेनेंस का भी रखें खास ख्याल

एयर प्यूरिफायर लेते समय सिर्फ फिल्टर का ग्रेड देखना भी काफी नहीं होता। आपके प्यूरिफायर का एयर डिलीवरी रेट यानी कि CADR कमरे के साइज के हिसाब से सही होना चाहिए। जैसे कि 200 वर्ग फुट के कमरे के लिए करीब 220 क्यूबिक मीटर प्रति घंटा का CADR उपयुक्त माना जाता है।

साथ ही प्यूरिफायर में रसोई के धुएं, बदबू और हानिकारक गैसों को रोकने के लिए एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर और बालों को रोकने के लिए वॉशेबल प्री-फिल्टर भी होना चाहिए। इन तमाम चीजों के अलावा आप जो प्यूरिफायर चुन रहे हैं, उसके रिप्लेसमेंट फिल्टर की उपलब्धता और खीमत को भी चेक कर लें।