कटनी के बरगवां स्थित किसना ज्वेलर्स शोरूम में 12 करोड़ रुपए के सोने-हीरे के जेवर चोरी करने वाले बदमाश करीब एक घंटे तक अंदर रहे। शुक्रवार को वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें एक नकाबपोश बदमाश पाना और पेचकस लेकर शोरूम में घुसता दिखाई दे रहा है। बाहर मौजूद उसका साथी उसे चोरी के औजार देता नजर आ रहा है। बदमाशों ने शोरूम की पिछली दीवार में छेद कर अंदर जाने का रास्ता बनाया था। इसके बाद गैस कटर से तिजोरी काटकर जेवर निकाल लिए।

सामने आए CCTV फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति शोरूम के अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में पाना और पेचकस हैं। बाहर मौजूद उसका एक साथी उसे औजार उपलब्ध कराता नजर आ रहा है। अंदर घुसा बदमाश इन औजारों से लॉक या काउंटर खोलने की कोशिश करता दिख रहा है। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है।


दीवार में छेद कर घुसे, नीचे बिछाए थे पत्ते

बदमाशों ने शोरूम की पिछली दीवार में करीब पौने दो फीट का छेद किया था। शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, दीवार के टूटे हिस्से के नीचे पत्ते बिछाए गए थे, ताकि अंदर घुसते समय और सिलेंडर सरकाते वक्त आवाज न हो। इसके बाद बदमाश अंदर दाखिल हुए और शोरूम में रखे जेवरों को निशाना बनाया।

गैस कटर से तिजोरी काटकर निकाले जेवर

पुलिस को शोरूम से करीब 300 मीटर दूर लाल पहाड़ी से गैस कटर, बड़ा ऑक्सीजन सिलेंडर, घरेलू गैस सिलेंडर, पानी की खाली बोतलें, पेचकस, पाना और कुछ कपड़े मिले थे। आशंका है कि बदमाश गैस कटर की मदद से तिजोरी काटकर उसमें रखे आभूषण निकाल ले गए। दिवाली के कारण शोरूम में सामान्य दिनों से ज्यादा ज्वेलरी का स्टॉक रखा हुआ था। संचालक के मुताबिक, शोरूम इसी साल जून में शुरू हुआ था और यहां रखे सभी आभूषणों का बीमा कराया गया था।

पुलिस और क्राइम ब्रांच कर रही जांच

शुरुआती जांच में पुलिस ने चोरी का संभावित समय 12 नवंबर की सुबह 4 से 7 बजे के बीच बताया था। वारदात में छह से ज्यादा बदमाशों के शामिल होने का अनुमान जताया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस शोरूम और आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके से साक्ष्य जुटा चुके हैं। सुरक्षा गार्ड भागवत तिवारी से भी पूछताछ की गई थी। माधव नगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।


कटनी के बरगवां में किसना ज्वेलर्स शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर बदमाश अंदर घुस गए। करीब 12 करोड़ रुपए के सोने-हीरे के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस को लाल पहाड़ी से ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर और पेचकस समेत कई सामान मिले हैं।