नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायणम्' भले बॉक्स ऑफिस पर रेकॉर्ड तोड़ इतिहास रच रही हो लेकिन पौराणिक ग्रंथ 'रामायण' पर बनीं इस फिल्म को कई तरह की आलोचनाओं से भी गुजरना पड़ा है। जहां कुछ ने रावण के महिमामंडन पर सवाल खड़ा किया वहीं कुछ ने उन बातों का फिल्म नें जिक्र न किए जाने पर निराशा जाहिर की, जिसकी रामायण में खास चर्चा की जाती रही है। खैर अब राम के रोल में रणबीर कपूर की मां कौशल्या की भूमिका अदा करने पर इंदिरा कृष्णन ने बताया कि उन्हें किस तरह के ट्रोल का सामना करना पड़ा।

यहां याद दिला दें कि इंदिरा ने पहले भी रणबीर कपूर के साथ काम किया है। हालांकि, पिछली फिल्म में उन्होंने रणबीर की सासु मां का रोल किया था। अब फिल्म 'रामायणम्' के ट्रेलर रिलीज के साथ ही राम के रोल में रणबीर कपूर की कास्टिंग को लेकर काफी सवाल खड़े हुए। लोगों ने उनके पुराने वीडियो (2011) का हवाला देते हुए जमकर आलोचना की जिसमें उन्होंने बीफ खाने की बात कही थी। वहीं उनकी तुलना रामानंद सागर के 'रामायम' में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल से भी खूब हुई।
इंदिरा कृष्णन ने कहा- फिल्म देखने से पहले काफी दर्शकों को यकीन नहीं था

कौशल्या का रोल करने वाली इंदिरा कृष्णन ने बताया कि उन्हें फिल्म रिलीज से पहले लोग टेक्स्ट मेसेज पर कैसे-कैसे सवाल कर रहे थे। इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा कि फिल्म की रिलीज के बाद लोगों की भावनाएं अब बदली हैं। उन्होंने हाल ही में 'न्यूज 18' से बातें करते हुए ट्रोल्स को लेकर कहा, 'दर्शकों को यह समझना चाहिए कि नमित मल्होत्रा के लिए इतनी बड़ी फिल्म बनाना कितना बड़ा रिस्क है। उन्होंने कितनी सारी बाधाएं तोड़ीं और रामायण को आज की दुनिया को दिखाने के लिए हद पार कर दी। आज दुनिया भर में लोग इसकी तुलना द ओडिसी से कर रहे हैं। फिल्म देखने से पहले काफी दर्शक इस पर यकीन नहीं कर पा रहे थे।'
'आप बीफ खाने वाले की मां का किरदार निभा रही हैं?'

उन्होंने इस बातचीत में कहा है, 'रणबीर को भगवान राम के रूप में दिखाए जाने को लेकर वे काफी निराश थे। मुझे याद है मुझे ऐसे मेसेज भी मिले थे जिनमें लिखा था- तो, आप बीफ खाने वाले की मां का किरदार निभा रही हैं?'

'रणबीर बस सेट पर आते थे और फिल्म के लिए अपना 200 प्रतिशत दिया'

इंदिरा ने उस समय हुई आलोचनाओं से निपटने को लेकर भी बातें कीं और कहा, 'रणबीर की जमकर आलोचना हो रही थी लेकिन उस आदमी ने एक शब्द भी नहीं कहा और न ही कोई रिएक्शन दिया। वह बस सेट पर आते थे और फिल्म के लिए अपना 200 प्रतिशत दिया। मुझे लगता है कि इनमें से कुछ ट्रोल्स को पैसे दिए गए थे। कुछ लोगों को लगा था कि रामायण सफल नहीं होगी।'
'हमने इस फिल्म के जरिए भारतीय सिनेमा को ग्लोबल मंच पर लाने की कोशिश की'

उनका मानना है कि लोगों ने फिल्म को बिना देखे ही बहुत जल्दी राय बना ली थी और उनकी मेहनत को पहले ही नकार दिया था। उन्होंने आगे कहा, 'हर किसी को यह समझना ज़रूरी है कि हमने इस फिल्म के जरिए भारतीय सिनेमा को ग्लोबल मंच पर लाने की कोशिश की। धुरंधर को भी ट्रोल का सामना करना पड़ा था, लेकिन वह एक बड़ी सफलता साबित हुई। हालांकि मैं रामायण की तुलना किसी और फिल्म से नहीं करना चाहूंगी। यह बेमिसाल और शानदार है। हमें बेहद खुशी है कि हम ग्लोबल दर्शकों के लिए ऐसी चीज बना पाए।'

'तब रणबीर ने कहा था- आप मेरी मां का किरदार भी निभा सकती हो'

इंदिरा ने इससे पहले 'एनिमल' मूवी के जुड़ा किस्सा बताया था। उन्होंने ये बताया था कि इस फिल्म में कौशल्या के रोल के लिए सिफारिश रणबीर ने ही की थी। फिल्म 'एनिमल' की शूटिंग के आखिरी दिन को याद करते हुए उन्होंने बताया था, 'रश्मिका मंदाना ने मुझसे कहा था कि वह चाहती हैं कि मैं अगली तेलुगू फिल्म में उनकी मां का किरदार फिर से निभाऊं। तब रणबीर ने कहा था कि सिर्फ उनकी ही क्यों? आप मेरी मां का किरदार भी निभा सकती हो। और मैंने उनसे कहा था- हां, मैं अगली बार रणबीर की मां का किरदार निभाऊंगी।'

इंदिरा कृष्णन ने कहा- मैं रणबीर की बहुत आभारी हूं

इंदिरा ने 'रामायणम्' में अपने कौशल्या वाले इस किरदार को लेकर कहा, 'मुझे लगता है कि मैंने इसे पूरी तरह से साकार कर दिया। मैं रणबीर की बहुत आभारी हूं, जिन्होंने रामायण टीम के सामने मेरी सिफारिश की।'

नीचे एक नजर फिल्म के कलाकारों और उनके किरदार पर

• रणबीर कपूर - भगवान राम / परशुराम

• साई पल्लवी - माता सीता

• यश - रावण

• रवि दुबे - लक्ष्मण

• सनी देओल - हनुमान (आवाज / अभिनय)

• अरुण गोविल - राजा दशरथ


• लारा दत्ता - कैकयी

• रकुल प्रीत सिंह - शूर्पणखा

• काजल अग्रवाल - मंदोदरी

• विवेक ओबेरॉय - विद्युतजिह्वा

• फसल मलिक (Faisal Malik) - कुंभकरण

• हरीश उथमन - विभीषण

• आदिनाथ कोठारे - भरत

• नितिश शर्मा - शत्रुघ्न

• शोभना - कैकसी

• अनुपम खेर - जटायु (आवाज)

• इंदिरा कृष्णन - कौशल्या

• सोनाल झा - सुमित्रा

• शीबा चड्ढा - मन्थरा

• मोहित रैना - भगवान शिव

• कुणाल कपूर - इंद्र देव

• सोनिया बलानी - उर्मिला

• राघव जुयाल - मेघनाद

• अजिंक्य देव - विश्वामित्र