संविधान दिवस एवं डॉ. हरीसिंह गौर जयंती पर अग्रणी महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
सागर/ 26 नवंबर, संविधान दिवस एवं सागर के गौरव, महान शिक्षाविद्, विधिवेत्ता व समाज सुधारक डॉ. सर हरीसिंह गौर की जयंती के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन व अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. गौर के छायाचित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि के साथ हुआ। इस अवसर पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों ने संवैधानिक मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा और प्रारूप समिति के योगदान पर भी प्रकाश डाला गया।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि संविधान के मूल्यों को आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों, सामाजिक समरसता व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉ. हरीसिंह गौर जयंती केवल सागर नगरवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए श्रद्धा, सम्मान और गौरव का उत्सव पर्व है, जो उनके शैक्षणिक, विधिक व सामाजिक योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में भूमिका का स्मरण कराता है।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था, न्याय, समानता, स्वतंत्रता व बंधुत्व का आधार स्तंभ है, जो हमें अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मीडिया प्रभारी डॉ संदीप सबलोक ने बताया कि आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता और डॉ. गौर के बहुआयामी योगदान से अवगत कराया गया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता व लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. गोपा जैन, डॉ. विनय शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी, डॉ. सुचिता अग्रवाल, रेणु सोलंकी, डॉ. प्रज्ञा दुबे, डॉ. राणा कंजर सिंह, डॉ. शैलेन्द्र सिंह राजपूत, लेफ्टिनेंट कीर्ति रैकवार, जीतू चौरसिया सहित प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।