कौन हैं मंदाना करीमी, जिन्होंने भारत पर लगाया धोखा देने का आरोप, काम मिलना बंद, कॉन्ट्रैक्ट भी कैंसिल

Updated on 05-03-2026 02:58 PM
ईरानी एक्ट्रेस मंदाना करीमी कई साल से भारत में रह रही हैं और बॉलीवुड में काम कर रही हैं। हाल ही उन्होंने ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले पर रिएक्ट किया था। साथ ही ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर खुशी जताई थी। अब एक्ट्रेस ने भारत पर ही धोखा देने का आरोप लगाया है और कहा है कि उनके बैग पैक हैं, वह जल्द ही ईरान लौटना चाहती हैं। मंदाना ने कहा कि ईरान की सरकार के खिलाफ विरोध करने के बाद से उन्हें भारत में अपने साथ दगाबाजी महसूस हो रही है। जैसे ही ईरान में नया शासन आएगा, वह वापस लौट जाएंगी।

मंदाना करीमी ने भारत में रहकर ही अपना करियर बनाया और खूब नाम कमाया। यहीं पर मॉडलिंग की और कई फिल्मों में भी नजर आईं, पर अब उन्हें अपने देश ईरान वापस लौटना है। मंदाना ने इसकी वजह भी बताई है। यह भी बताया कि क्यों उन्हें ऐसा लगता है कि भारत ने उन्हें धोखा दिया है।

मंदाना करीमी ने बताया उन्हें कैसा चाहिए अपना देश ईरान

मंदाना करीमी से 'बॉलीवुड हंगामा' को दिए इंटरव्यू में ईरान के मौजूदा हालातों के अलावा आने वाले वक्त के बारे में पूछा गया था। इस पर वह बोलीं, 'मुझे लगता है कि 24 घंटे पहले उन्होंने खामेनेई की जगह किसी को नियुक्त कर दिया। और मैं ईरान को अब आजाद देखना चाहती हूं। ऐसा ईरान, जहां महिलाएं जो चाहें कर सकती हैं, जो चाहें पहन सकती हैं और जिस यूनिवर्सिटी में चाहें पढ़ सकती हैं। मैं इसे एक ऐसे ईरान के रूप में देखती हूं, जहां हम लोगों के लिए खतरा नहीं हैं, बल्कि हम एक ऐसा राष्ट्र हैं, जो वास्तव में मिडल ईस्ट का निर्माण करता है। मैं चाहती हूं कि ईरान के मौजूदा शासन का अंत हो जाए। उन्हें जाना ही होगा।'

ईरान वापस जाएंगी मंदाना, बोलीं- भारत से नाता तोड़ रही हूं

यह पूछे जाने पर कि क्या वह कभी वापस ईरान जाने का प्लान बनाएंगी, तो मंदाना करीमी ने कहा, 'जैसे ही ऐलान होगा कि ईरान की मौजूदा सरकार गिर गई है, मैं चली जाऊंगी। मेरा सामान पैक है, मैं भारत भी छोड़ रही हूं। मेरा यही प्लान है। मैं भारत से नाता तोड़ रही हूं। यह मेरे लिए बहुत मुश्किल है, क्योंकि मैं बहुत छोटी उम्र में भारत आई थी। भारत ने मुझे सब कुछ दिया है, मेरा मॉडलिंग करियर, मेरा एक्टिंग करियर, यहां मिले प्यार, मेरे दोस्त...'

'मेरी भारत में आवाज नहीं, दोस्त खो दिए, भारत ने धोखा दिया'

मंदाना ने आगे कहा, 'लेकिन मुझे लगता है कि भारत में मेरी कोई आवाज नहीं है। पिछले दो महीनों में मुझे मुंबई में इतना अकेलापन और घर की याद कभी नहीं आई, जितनी अब आई। विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेने और ईरान के बारे में खुलकर बोलने के कारण मैंने कई दोस्त खो दिए, और मुझे लगता है कि भारत ने एक तरह से मुझे धोखा दिया है। मुझे लगता है कि भारत ने मुझे वह सब कुछ दे दिया है, जो उसे देना चाहिए था। अब आगे बढ़ने का समय है, और उम्मीद है कि मैं ईरान जाऊंगी।'

मंदाना ने खामेनेई की मौत पर जताई थी खुशी, ईरान के लिए रोईं

मालूम हो कि अमेरिका और इजरायल ने मिलकर 28 फरवरी को ईरान पर मिसाइल अटैक कर दिया था, जिसके बाद भीषण युद्ध छिड़ गया और अभी तक जारी है। इसमें ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई मारे गए थे और उनकी मौत पर मंदाना ने खुशी जताई थी। साथ ही एक पोस्ट में ईरानी शासन को मिडल ईस्ट का कैंसर बताया था। इंस्टाग्राम पर शेयर किए एक अन्य वीडियो में मंदाना करीमी ईरान की मौजूदा हालत पर रो भी पड़ी थीं।

मंदाना बोलीं- काम मिलना बंद, कॉन्ट्रैक्ट कैंसिल कर दिए गए

मंदाना करीमी ने यह भी बताया कि उन्हें भारत में जनवरी 2026 से काम मिलना बंद हो गया है, और जो भी उनके कॉन्ट्रैक्ट थे, उन्हें कैंसिल कर दिया गया है। सिर्फ इसलिए क्योंकि अब वह खुलकर अपनी बात सामने रखने लगी हैं। मंदाना से जब पूछा गया कि वह इतने सालों में क्यों अभी तक ईरान नहीं लौटी थीं, तो उन्होंने बताया कि वहां के क्रूर शासन के कारण उनका मॉडल और एक्ट्रेस के तौर पर काम करना दूभर हो गया था।

मंदाना करीमी कब भारत आईं? उनका फिल्मी करियर

मंदाना करीमी साल 1988 में ईरान के तेहरान में पैदा हुई थीं। वह वहीं पर पली-बढ़ीं और फिर पिता के साथ छुट्टियों पर भारत आने लगी थीं। साल 2010 में मंदाना एक मॉडलिंग कॉन्ट्रैक्ट के लिए तीन महीने के लिए भारत आई थीं और फिर 2013 से हमेशा के लिए यहीं बस गईं। भारत में मंदाना करीमी ने मॉडलिंग से शुरुआत की और फिर बॉलीवुड में काम करने लगीं। उन्होंने 'मैं और चार्ल्स', 'भाग जॉनी', 'क्या कूल हैं हम 3' और 'रॉय' जैसी फिल्मों के अलावा 'लॉक अप' और 'बिग बॉस' में भी काम किया।

मंदाना करीमी ने भारत में ही की थी शादी, पति-ससुराल पर आरोप

मंदाना करीमी ने भारत में ही शादी की थी। साल 2017 में उन्होंने गौरव गुप्ता से शादी की थी, पर 2021 में तलाक हो गया। मंदाना ने तब पति और उनके परिवार के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस दर्ज करवाया था। मंदाना ने ससुरालवालों पर उन्हें प्रताड़ित करने के आरोप लगाया था। हालांकि, बाद में मंदाना ने ससुराल के खिलाफ केस वापस ले लिया था। मंदाना ने इस बारे में 'लॉकअप' रियलिटी शो में आरोप लगाया था कि गौरव ने जबरदस्ती उनका धर्म परिवर्तन कराकर हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। उन्होंने पति पर गंदी हरकतें करने का भी आरोप लगाया था।

अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 06 March 2026
मशहूर पॉप स्टार ब्रिटनी स्पीयर्स को कैलिफोर्निया में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ब्रिटनी स्पीयर्स पर शराब और ड्रग्स के नशे में गाड़ी चलाने का संदेह था। हालांकि, बाद में…
 06 March 2026
'द केरल स्टोरी 2' पर ट्रेलर रिलीज की वक्त से ही बवाल मचा हुआ है, पर इसके बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर सीमित शोज में ठीक-ठाक कमाई कर रही है।…
 06 March 2026
'बिग बॉस ओटीटी 2' फेम एक्ट्रेस बेबिका धुर्वे बीते दिनों रियलिटी शो 'द लायन' में नजर आई थीं, जिसका अपडेट उन्होंने दिया था। वह सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती…
 06 March 2026
भोजपुरी में वैसे तो कई गाने हैं, जो यूट्यूब पर लगभग हमेशा ही ट्रेंडिंग में रहते हैं और व्यूज के मामले में भी रिकॉर्ड बना चुके हैं। खेसारी लाल यादव…
 06 March 2026
ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत का जश्न मनाने वाली ईरानी एक्ट्रेस मंदाना करीमी इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। हालांकि अब एक्ट्रेस का…
 06 March 2026
साउथ फिल्मों 'लेडी सुपरस्टार' कही जाने वालीं नयनतारा ने चेन्नई में करोड़ों का डुप्लेक्स खरीदा है, जिसकी चर्चा हो रही है। यह डुप्लेक्स उन्होंने चेन्नई के पोएस गार्डन एरिया में…
 05 March 2026
ईरानी एक्ट्रेस मंदाना करीमी कई साल से भारत में रह रही हैं और बॉलीवुड में काम कर रही हैं। हाल ही उन्होंने ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले पर रिएक्ट किया…
 05 March 2026
'बिग बॉस 17' में नजर आए पॉपुलर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग डोभाल ने हाल ही एक पोस्ट में कुछ करीबी लोगों पर धोखा देने और टॉर्चर करने का…
 05 March 2026
'बालिका वधू' में आनंदी का किरदार निभाकर मशहूर हुईं अविका गौर हाल ही पति मिलिंद चंदवानी के साथ पपाराजी को पोज दे रही थीं, पर इस दौरान अचानक ही उनकी…
Advt.