
( प्रमिल अग्रवाल )
*हरदा* | स्वदेशी जागरण मंच द्वारा 1 अगस्त से 20 अगस्त तक चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी *"मैं भी स्वदेशी... समर्थक!"* अभियान का हरदा जिले में भव्य और गरिमामय शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में समाजसेवियों, शिक्षाविदों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और जागरूक नागरिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर स्वदेशी वस्तुओं के अधिकाधिक उपयोग का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं योगगुरु *श्री ओमनारायण शुक्ला* ने की। मुख्य अतिथि गायत्री परिवार के संचालक *श्री सियाराम गौर* रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक *श्री सत्यनारायण दोगने* और नर्मदापुरम संभाग के पूर्णकालिक कार्यकर्ता *श्री अरुण मालवीय* उपस्थित रहे।
जिला संयोजक *डॉ. एल. एन. पाराशर* ने अभियान की भूमिका रखते हुए कहा,
_"जब-जब देश ने स्वदेशी को अपनाया है, तब-तब भारत ने आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छुआ है। स्वदेशी केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक स्वाभिमान और आत्मनिर्भर भारत का मजबूत आधार है।"_
उन्होंने नागरिकों से विदेशी वस्तुओं का मोह छोड़कर स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।
प्रांत संयोजक *श्री सत्यनारायण दोगने* और जिला पंचायत उपाध्यक्ष व स्वावलंबन अभियान के सह-संयोजक *श्री दर्शन सिंह गेहलोत* ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक दैनिक जीवन में स्वदेशी को प्राथमिकता दे, तो देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, स्थानीय उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के अध्यक्ष *श्री कमल सोनी* और महिला प्रभारी *श्रीमती योगमाया शर्मा* ने भी स्वदेशी आंदोलन को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
*"स्वदेशी राष्ट्र निर्माण का महायज्ञ"*
अध्यक्षीय उद्बोधन में *श्री ओमनारायण शुक्ला* ने कहा कि स्वदेशी अपनाना सिर्फ खरीदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का महायज्ञ है। उन्होंने सभी से इस यज्ञ में भागीदारी कर भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन नगर संयोजक *श्री त्रिलोक शर्मा* ने किया। आभार हैप्पी हरदा के डायरेक्टर *श्री उमेश शर्मा* ने व्यक्त किया। अंत में डॉ. पाराशर ने सभी को स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत निर्माण में सक्रिय भागीदारी का सामूहिक संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर *श्री ओमप्रकाश राठौर, श्री राजेश दीक्षित, श्री महेंद्र पटेल, श्री ओम शुक्ला*, गायत्री परिवार, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित *श्रीमती मीरा शर्मा* सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।