
( किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा )
( प्रमिल अग्रवाल )
हरदा । जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा किसानों के मुद्दों को लेकर महा चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के कई नेता और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि जब किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करते हैं तो सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराती है। उन्होंने सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
पटवारी ने विशेष रूप से मूंग खरीदी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री किसानों से मूंग खरीदने की घोषणा तो करते हैं, लेकिन जब खरीदी का समय आता है तो सरकार अपने वादे से पीछे हट जाती है। इससे प्रदेश के हजारों किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी।