तेहरान: ईरान की ताकतवर फोर्स इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) अमेरिका के खिलाफ जंग को लंबा खींचने की तैयारी कर रही है। IRGC के कमांडर के एक सीनियर सलाहकार ने कहा है कि ईरान, अमेरिका के साथ जंग को तब तक खींच सकता है जब तक डोनाल्ड ट्रंप का कार्यकाल खत्म नहीं हो जाता। IRGC के कमांडर-इन-चीफ के सलाहकार मोहम्मद रजा नकदी ने तर्क दिया कि ऐसा करने से भविष्य में होने वाले हमलों को रोका जा सकेगा।मोहम्मद रजा नकदी ने इंटरव्यू में कहा, एक तरीका है कि जंग को तब तक लंबा खींचा जाएगा जब तक कि अगले राष्ट्रपति का कार्यकाल न शुरू हो जाए और दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचाया जाए। इसके ईरान पर हमला करने से पहले दुश्मन सोचेगा और उसे पता रहेगा कि इसका क्या अंजाम होगा।जंग में ईरान की जीत का दावा
नकदी ने आगे कहा कि ईरान अभी जंग जीत रहा है लेकिन उसने अभी तक अपना अंतिम लक्ष्य हासिल नहीं किया है। उन्होंने आगे कहा, "हमें ऐसा डर पैदा करना होगा कि दुश्मन हम पर हमला करने की हिम्मत भी न करे। एक तरीका यह है कि युद्ध को लंबा खींचा जाए और दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचाया जाए, ताकि ईरान पर हमला करने के बारे में सोचने वाले को पता कि इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।"
ट्रंप ने किया होर्मुज पर कंट्रोल का दावा
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का 'पूरा नियंत्रण' है। उन्होंने संकेत दिया है कि वॉशिंगटन इस रणनीतिक जलमार्ग पर अपनी पकड़ बनाए रखना चाहता है। ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में कहा, "होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का पूरा कंट्रोल है। मुझे लगता है कि हम इसे बनाए रखेंगे।"
ईरानी नाकेबंदी को कहा स्टील की दीवार
अमेरिकी राष्ट्रपति ने नौसैनिक घेराबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान इसे चुनौती देने के लिए कुछ नहीं कर सकता। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, "हर कोई हमारी नौसैनिक घेराबंदी को 'स्टील की दीवार' कह रहा है और ईरान इसके बारे में कुछ नहीं कर सकता।"अमेरिकी राष्ट्रपति ने नाकेबंदी के बारे में ऑपरेशन से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि अमेरिका कितने समय तक होर्मुज स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण बनाए रखना चाहता है, और न ही उन शर्तों का जिक्र किया, जिनके तहत यह ऑपरेशन खत्म हो सकता है।