
भोपाल। महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) गर्ल्स कालेज के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर दुकान एक जुलाई से बंद कर दी जाएगी। इसके लिए आसपास के तीन किलोमीटर के दायरे में जगह की तलाश की जा रही है।
छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने यह निर्णय लिया गया है।जानकारी के अनुसार विरोध प्रदर्शन के बाद कलेक्टर ने दुकान शिफ्टिंग के आदेश दिए थे, जिसके बाद से श्यामला हिल्स, रेतघाट व प्रोफेसर कॉलोनी के आसपास ही स्थान की तलाश पूरी कर ली गई है। इनमें से एक स्थान पर एक जुलाई से दुकान का संचालन शुरू किया जाएगा। उसके बाद भी यदि दुकान शिफ्ट नहीं होती है तो इसे बंद कर दिया जाएगा।
बता दें कि एबीवीपी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन कर शराब दुकान हटाने की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा स्वयं छात्रों से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने बताया था जिला स्तरीय समिति को निर्णय लेने के निर्देश मिले थे।