ओटावा: भगोड़े गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी ली है। कनाडा में निज्जर की हत्या के तीन साल बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक ऑडियो क्लिप में गोल्डी बराड़ ये कह रहा है कि उसने और उसके साथियों ने इस कत्ल को अंजाम दिया। बराड़ का दावा है कि निज्जर को उसने और उसके साथियों ने इसलिए मारा क्योंकि वह युवाओं का इस्तेमाल ड्रग्स बेचने के लिए कर रहा था।मूल रूप से पंजाब के फरीदकोट का रहने वाला सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ इस ऑडियो क्लिप में खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा से बात कर रहा है। इसमें वह बता रहा है कि कैसे निज्जर के ड्रग्स के धंधे और इसमें बच्चों के इस्तेमाल से गुस्सा हुआ और उसे मारा। इस ऑडियो क्लिप की सच्चाई की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।गोल्डी लंबे समय से फरार
बराड़ का दावा है कि 'निज्जर ऐसे लोगों का साथ देता था, जो नाबालिग बच्चों और युवाओं को ड्रग्स बेचने और मुखबिर बनने के लिए ब्लैकमेल करते थे। निज्जर हो या कोई और, हर किसी को अपने कामों का नतीजा भुगतना पड़ता है।' गोल्डी बराड़ लंबे समय से फरार है। उसके कभी कनाडा तो कभी अमेरिका में होने के दावे किए जाते रहे हैं।
गोल्डी के ऑडियो क्लिप से जुड़ा ये घटनाक्रम तब सामने आया है, जब अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए 50,000 डॉलर के इनाम की घोषणा की थी। उसे लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध गिरोह से संबंधों के लिए वांछित घोषित किया गया है। इस गिरोह को 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत निशाना बनाया गया था।कनाडा में हुई निज्जर की हत्या
हरदीप सिंह निज्जर की जून, 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर कर दी गई थी। उसकी हत्या के बाद भारत और कनाडा के बीच राजनयिक विवाद खड़ा हो गया। कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारतीय सरकारी अधिकारियों के इस हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था, जिस पर भारत भड़क गया था। पिछले महीने लॉस एंजिल्स में सार्वजनिक किए गए अमेरिकी संघीय अभियोग के अनुसार, जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने कथित तौर पर निज्जर की हत्या का आदेश दिया था। अमेरिका ने इस मामले में बिश्नोई और बराड़ पर आरोप भी लगाए हैं। बराड़ 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था। वह भारत में कई मामलों में वांछित है, जिसमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या भी शामिल है।