
( प्रमिल अग्रवाल)
हरदा। मूँग खरीदी की मात्रा बढ़ाने की मांग को लेकर आम किसान यूनियन का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। पिछले 12 दिनों से धरने पर बैठे किसानों ने बुधवार को इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम शुरू कर दिया।
*हाईवे पर डाला डेरा*
आम किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने ग्राम पिड़गांव के पास नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और सड़क पर ही डेरा डाल दिया। किसानों ने साफ कर दिया है कि उनकी 5 सूत्री मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन के कारण इंदौर-बैतूल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है।
*प्रशासन अलर्ट, बातचीत जारी*
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन और अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाए गए हैं।
अपर कलेक्टर अशोक कुमार डेहरिया ने बताया कि किसान नेताओं से लगातार बातचीत की जा रही है और शांतिपूर्ण समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरदा के अलावा अन्य जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। फिलहाल आंदोलन शांतिपूर्ण चल रहा है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है
*"मांग पूरी होने तक नहीं हटेंगे"*
आम किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राम इनानिया का कहना है कि प्रशासन को पहले ही एक घंटे के सांकेतिक चक्काजाम के दौरान चेतावनी दी गई थी कि यदि 14 जुलाई तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 15 जुलाई से अनिश्चितकालीन चक्काजाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब किसान दबाव में नहीं आएंगे और मांगें पूरी होने तक आंदोलन स्थल से नहीं हटेंगे।
किसान नेता केदार सिरोही ने भी सरकार से मूँग खरीदी की मात्रा बढ़ाने की मांग दोहराई।
प्रशासन के अधिकारियों और किसान नेताओं के बीच बातचीत का दौर जारी है।