सागर: बंडा क्षेत्र में कथित जहरीली शराब का मामला एक बार फिर सामने आने से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। शाहगढ़ ब्लॉक के सेमरा रामचंद्र गांव में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में तीनों की तबीयत बिगड़ने के पीछे शराब सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक मौतों की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मृतकों की पहचान कमलेश पुत्र नारायण लोधी और चंद्रभान पुत्र मुलायम लोधी के रूप में हुई है। दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, दोनों ने एक रात पहले साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। एक व्यक्ति की मौत इलाज के दौरान सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में हुई। बताया जा रहा है कि कमलेश गांव में शराब बेचने का काम भी करता था। हालांकि, इस जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

दो महीने पहले 11 मौतों से दहला था बंडा

इस घटना ने करीब दो महीने पहले बंडा क्षेत्र में हुई शराब त्रासदी की यादें ताजा कर दी हैं। उस दौरान नौराज गांव में छह और घूघरा खुर्द में पांच लोगों की मौत हुई थी। एक ही इलाके में फिर संदिग्ध परिस्थितियों में दो मौतें होने से शराब की बिक्री और सेवन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

  • दोनों मृतकों के परिजनों ने शराब सेवन की जानकारी दी।

  • एक व्यक्ति ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा।

  • तीसरे व्यक्ति की गंभीर हालत की जानकारी सामने आई है।

  • वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों की मौत शराब के सेवन से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस और संबंधित विभागों की जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। हालांकि, दो महीने के भीतर इसी क्षेत्र में फिर ऐसी घटना सामने आने से स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।