GTA 6 First Day Sale : 13 साल के लंबे इंतजार के बाद रिलीज हुए वीडियो गेम 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6' यानी GTA 6 ने इतिहास रच दिया है। कहा जा रहा है कि यह सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट लॉन्चिंग बन गई है। BBC की रिपोर्ट में एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म 'सेंसर टावर' के हवाले से बताया गया है कि इस गेम ने प्री-ऑर्डर और पहले दिन मिलाकर कुल 2.45 करोड़ यूनिट से अधिक की सेल की है। इससे गेम को लगभग 2.36 अरब डॉलर की कमाई हुई है। यह 2026 में अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' से भी अधिक है। दिलचस्प यह है कि GTA6 को चीन में ऑफिशियल सेल की मंजूरी नहीं दी गई है। जापान ने भी इस पर सेंसरशिप लगाई है।


कंपनी ने नहीं बताई कमाई

GTA 6 को रॉकस्टार गेम्स ने डेवलप किया है। कंपनी ने अभी तक अपने वीडियाे गेम की सेल या कमाई के आंकड़े साझा नहीं किए हैं। हालांकि यह जरूर बताया है कि गेम की डिमांड ‘अभूतपूर्व’ रही है। याद रहे कि GTA 6 को 13 साल के लंबे अंतराल के बाद रिलीज किया गया है। भारत समेत पूरी दुनिया में इस गेम को लेकर क्रेज देखा जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, इस गेम को तैयार करने में 1 अरब डॉलर से अधिक खर्च आया है। इतिहास का सबसे महंगा वीडियो गेम इसे बताया जा रहा है। गेम के 2 मुख्य किरदार लूसिया और जेसन है। गेम की कहानी इन दोनों के इर्द-गिर्द ही घूमती है।
GTA 6 पर जापान ने क्यों लगाई सेंसरशिप

GTA 6 में आपत्तिजनक और हिंसक कंटेंट के कारण जापान में इस वीडियो गेम पर सेंसरशिप लगाई गई है। चीन में इस गेम को सेल की मंजूरी नहीं दी गई है। कहा जा रहा है कि दुनियाभर में गेमर्स ने इस गेम को खेलने के लिए समय निकाला है। कई लोगों ने अपने ऑफिस से छुट्टियां ले लीं। सोशल मीडिया पर दावा है कि एक भारतीय गेमर अंशु बिष्ट ने घर में हो रही शादी के बीच इस गेम को खेला।


GTA 6 की भारत में कीमत (GTA 6 Price In India)

  • भारत में GTA 6 ‘स्टैंडर्ड’ और ‘अल्टीमेट’ एडिशन में उपलब्ध है। प्लेस्टेशन स्टोर पर स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये है। वहीं, अल्टीमेट एडिशन को 7,499 रुपये में लिया जा सकता है।

  • Xbox स्टोर पर भी इस गेम की शुरुआती कीमत 5,999 रुपये है। स्टैंडर्ड एडिशन में सिर्फ मुख्य गेम शामिल है। अल्टीमेट एडिशन में एक्स्ट्रा कंटेंट ऑफर किया जा रहा है।

  • इस गेम का फिजिकल वर्जन ट्रेडिशनल गेम डिस्क के बजाय 'कोड-इन-बॉक्स' पैकेज के रूप में बेचा जाता है। खरीदारों को एक डाउनलोड कोड मिलता है, जिसे वो गेम डाउनलोड करने के लिए अपने कंसोल पर रिडीम कर सकते हैं। गेम को डाउनलोड करने के लिए 212GB तक खाली स्टोरेज की जरूरत होगी।